सेवा की शर्तें
आख़िरी बदलाव: 11 सितंबर 2026
BhathaOne (bhathaone.in) एक प्लेटफ़ॉर्म है जिस पर हरियाणा के ईंट भट्टे अपना रोज़ का हिसाब रखते हैं और ईंट खरीदार सीधे भट्टे से रेट माँगते हैं। वेबसाइट या ऐप इस्तेमाल करके आप इन शर्तों से सहमत होते हैं। सहमत नहीं हैं तो कृपया इस्तेमाल न करें।
1. कौन इस्तेमाल कर सकता है
भट्टा मालिक, उनका स्टाफ़ (मुंशी, ठेकेदार, मज़दूर, गेट, सेल्स) और ईंट खरीदार। खाता खोलने के लिए आपका मोबाइल नंबर आपका होना चाहिए और आपकी उम्र 18 साल या ज़्यादा होनी चाहिए। स्टाफ़ को भट्टे का मालिक जोड़ता है और वही तय करता है किसे क्या दिखेगा।
2. लॉगिन और OTP
लॉगिन मोबाइल नंबर पर भेजे गए OTP से होता है। OTP किसी को न बताएँ। आपके नंबर से जो भी होगा उसकी ज़िम्मेदारी आपकी है। नंबर बदल जाए या खो जाए तो भट्टे के मालिक या हमसे तुरंत कहें।
3. भट्टे का हिसाब
पथाई, भराई, निकासी, खराबा, पेशगी, चालान, भुगतान — जो भी आप दर्ज करते हैं वह आपके भट्टे का रिकॉर्ड है और आपका है। हम उसे रखते हैं, बदलते नहीं। दर्ज किया हुआ हिसाब मिटाया नहीं जाता; सुधार उलटी एंट्री से होता है, ताकि कोई भी बाद में देख सके कि क्या और क्यों बदला। जो एंट्री करे वही उसे मंज़ूर नहीं कर सकता; एक-आदमी वाले भट्टे में मालिक की अपनी एंट्री तुरंत चढ़ती है और उस पर निशान रहता है।
आँकड़ों की सच्चाई आपकी ज़िम्मेदारी है। ऐप वही जोड़ता है जो आप उसे बताते हैं।
4. बोलकर एंट्री
ऐप में बोलकर एंट्री की जा सकती है। आपकी आवाज़ की रिकॉर्डिंग एंट्री के साथ रखी जाती है ताकि मंज़ूरी देने वाला सुन सके कि क्या कहा गया था। रिकॉर्ड करने से पहले ऐप माइक की इजाज़त माँगता है। बोलकर की गई एंट्री भी तभी खाते में चढ़ती है जब कोई उसे मंज़ूर करे।
5. सदस्यता और भुगतान
भट्टे के लिए ऐप सीज़न की सदस्यता पर चलता है। नया भट्टा मुफ़्त ट्रायल से शुरू होता है। सदस्यता खत्म होने पर आप सब देख सकते हैं, नई एंट्री रुक जाती है; बढ़ाने पर सब वैसे ही चलता है। भुगतान नकद, UPI या बैंक से लिया जाता है और हमारी टीम उसे दर्ज करती है — वही आपकी रसीद है। लिया हुआ पैसा वापस नहीं होता, सिवाय उसके जो कानूनन ज़रूरी हो।
6. ईंट खरीदार और पूछताछ
खरीदार वेबसाइट पर बिना खाते के पूछताछ भेज सकता है। पूछताछ पास के उन भट्टों को जाती है जो लिस्टेड हैं और वह ईंट बेचते हैं। खरीदार का फ़ोन नंबर भट्टे को तब तक नहीं दिखता जब तक भट्टा पूछताछ स्वीकार न करे; उसके बाद भी बात प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिए होती है। जो रेट वेबसाइट पर दिखते हैं वे भट्टे के बताए हुए हैं या लिस्टेड भट्टों के रेट का बीच का भाव — आख़िरी दाम भट्टा और खरीदार आपस में तय करते हैं। हम सौदे के पक्ष नहीं हैं, न ईंट की गुणवत्ता, न डिलीवरी, न भुगतान की गारंटी देते हैं।
फ़र्ज़ी पूछताछ, किसी और के नंबर से पूछताछ, या भट्टों को परेशान करने पर नंबर रोक दिया जाता है।
7. क्या नहीं कर सकते
किसी और के खाते में घुसना; झूठा हिसाब दर्ज करना; प्लेटफ़ॉर्म से नंबर या डेटा निकालकर बेचना; ऐप को तोड़ने-मरोड़ने या उस पर हमला करने की कोशिश; किसी भी ऐसे काम में इस्तेमाल जो कानून के खिलाफ़ हो।
8. रोक और बंद करना
इन शर्तों के उल्लंघन, भुगतान न होने, या किसी शिकायत की जाँच के दौरान हम भट्टे का खाता रोक सकते हैं — रोके हुए भट्टे के लोग हिसाब देख सकते हैं, लिख नहीं सकते। आप कभी भी अपना खाता बंद करने को कह सकते हैं; हिसाब का रिकॉर्ड कानूनी अवधि तक रखा जाता है।
9. हमारी ज़िम्मेदारी की सीमा
सेवा "जैसी है" दी जाती है। हम पूरी कोशिश करते हैं कि यह चलती रहे और आपका हिसाब सुरक्षित रहे, पर नेट, फ़ोन, या हमारे सर्वर की खराबी से हुए नुकसान, या गलत दर्ज किए हुए आँकड़ों से हुए फ़ैसलों के लिए हम ज़िम्मेदार नहीं। किसी भी हाल में हमारी कुल ज़िम्मेदारी पिछले 12 महीनों में आपसे ली गई सदस्यता की रकम से ज़्यादा नहीं होगी।
10. बदलाव
शर्तें समय-समय पर बदल सकती हैं। बड़ा बदलाव होने पर हम ऐप या SMS से बताएँगे। बदलाव के बाद इस्तेमाल जारी रखना नई शर्तें मानना है।
11. कानून और संपर्क
ये शर्तें भारत के कानून के अधीन हैं और किसी भी विवाद का निपटारा हरियाणा के न्यायालयों में होगा। कोई सवाल हो तो support@bhathaone.in पर लिखें।